परीक्षण शिविर में रायपुर संभाग के 34 विद्यालयों के 234 बच्चे शामिल

भास्कर न्यूज | जांजगीर केंद्रीय विद्यालय जांजगीर में बुधवार 6 अगस्त को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स रायपुर संभाग के त्रिदिवसीय तृतीय सोपान प्रशिक्षण सह परीक्षण शिविर की शुरुआत हुई। शिविर प्रमुख, प्राचार्य व मुख्य अतिथि केके चंद्रा मौजूद रहे। स्काउट बच्चों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्काउट के जनक बेडेन पावेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गीत, योग नृत्य और रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। हिंदी शिक्षक मनोज कुमार ने स्वागत भाषण दिया। संचालन शिक्षक सुधीर कुमार ने किया। शिविर में रायपुर संभाग के 34 विद्यालयों के 234 बच्चे, 35 अनुरक्षक शिक्षक, एक एलओसी, 5 परीक्षक और एक क्वार्टर मास्टर सहित कुल 276 प्रतिभागी शामिल हुए। एलओसी नरेंद्र देव साहू, केन्द्रीय विद्यालय रायपुर ने मुख्य अतिथि केके चंद्रा का स्वागत हरित पौधा और स्कार्फ पहनाकर किया। स्काउट शिक्षकों ने भी एलओसी का स्वागत किया। परीक्षक संजू नागदेवे (केवी डोंगरगढ़), पीएल साहू (केवी धमतरी), अजय कुमार यादव (केवी रायपुर), दनिदास ए गिरिया (केवी भिलाई) और टीआर चौहान (केवी क्रमांक 2 रायपुर) का स्कार्फ पहनाकर स्वागत किया गया। एलओसी नरेंद्र देव साहू ने बताया कि प्रथम और द्वितीय सोपान विद्यालय स्तर पर होते हैं, जबकि तृतीय सोपान संभाग स्तर पर होता है। परीक्षा में 80 प्रतिशत अंक लाकर बच्चे उत्तीर्ण होते हैं। स्काउट का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण, आदर्श नागरिक बनाना, शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक और सामाजिक विकास करना है। शिविर प्रमुख केके चंद्रा ने शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रतिभागी केंद्रीय विद्यालय संगठन के निर्देशों के अनुसार सक्रिय रूप से प्रशिक्षण में भाग लेंगे। स्काउटिंग के साथ नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, एकाग्रता और स्वावलंबन की भावना विकसित करेंगे। स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखेंगे। शिविर में बच्चों ने स्वस्थ शरीर और मानसिकता के साथ भाग लिया। तीन दिन बाद वे उसी ऊर्जा और कुशलता के साथ घर लौटेंगे। विद्यालय के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *