भास्कर न्यूज| राजनगर हाता-चाईबासा मार्ग पर बुधवार को लगभग 11:30 बजे विद्युत सब स्टेशन के पास एक कोयला लदा ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। जिससे सड़क किनारे फेरी करने वाला एक व्यक्ति कोयले के नीचे दब गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान उत्तर प्रदेश के किशुनपुर निवासी कैलाश सिंह (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो इलाके में फेरी का कार्य करता था। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना सुबह लगभग 11:30 बजे की है। बताया गया कि कोयला लदा ट्रक (जेएच 02 एडब्ल्यू 3829) चाईबासा की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक विद्युत सब स्टेशन पार कर रहा था, उसी दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के रास्ते से एक बाइक चालक अचानक मुख्य सड़क पर निकल आया। जिससे ट्रक चालक उसे बचाने के प्रयास में तेजी से स्टेयरिंग मोड़ा और जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी दौरान कैलाश सिंह कोयले के नीचे दब गया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


