फाजिल्का में कार और पिकअप में टक्कर हो गई। इस हादसे में पिकअप में सवार सहारनपुर के पशु व्यापारी सोहन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा अबोहर के गांव गिदड़ांवाली के पास कल देर शाम हुआ। सूचना मिलते ही थाना खुईयां सरवर की पुलिस और नर सेवा नारायण सेवा समिति की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, सहारनपुर के कुछ पशु व्यापारी बुधवार दोपहर के बाद पिकअप में भैंसें लेकर मलोट जा रहे थे। जब वे गिदड़ांवाली से जंडवाला रोड पर पहुंचे, तभी एक कार से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि सोहन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप में सवार ड्राइवर शुभम और एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आईं। कार में गांव जंडवाला हनुवंता के 3-4 लोग सवार थे, जिन्हें भी मामूली चोटें आईं। पुलिस ने मृतक के शव का आज अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे में घायल दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है।


