सरगुजा जिले के ग्राम कटिंदा में वृद्ध दंपती की डबरी में डूब जाने से मौत हो गई। दोनों गुरुवार सुबह नहाने के लिए निकले थे। दोनों का शव पानी में तैरता मिला। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, लखनपुर के ग्राम कटिंदा निवासी करीमन पंडो (65 वर्ष) अपनी पत्नी करीमन पंडो (62 वर्ष) के साथ गुरुवार सुबह नहाने के लिए आमाचुआं डबरी गए थे। दोनों काफी देर तक नहीं लौटे तो उन्हें खोजने हुए उनका पुत्र करमसाय पंडो अपनी पत्नी के साथ डबरी की ओर गया। डबरी पहुंचने पर दोनों का शव पानी पर तैरता हुआ मिला। दोनों की मौत हो चुकी थी। एक-दूसरे को बचाते हुए गई जान
ग्रामीणों की मदद से दोनों का शव बाहर निकाला गया। मृतक एक-दूसरे का हाथ पकड़े हुए थे। इससे आशंका है कि एक-दूसरे को बचाते हुए दोनों की मौत हो गई है। दंपती में कोई एक नहाने के दौरान गहरे पानी में चला और बचाते हुए दूसरा भी डूब गया। पुलिस ने शवों का का पोस्टमॉर्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है। दंपती की मौत से कटिंदा में शोक है एवं परिजन सदमें में हैं। लखनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी शिशिरकांत सिन्हा ने कहा कि प्रारंभिक दृष्टया दोनों की मौत डूबने के कारण हुई है।


