मनेंद्रगढ़-चिरमिरी के बीच साजा पहाड़ सड़क के उन्नयन (अपग्रेडेशन) का कार्य चल रहा है। लगभग 44 करोड़ की लागत से हो रहे इस कार्य में ठेकेदार की बड़ी लापरवाही देखी जा रही है। ठेकेदार ने चौड़ीकरण के नाम पर करीब एक महीने से गड्ढे खोदकर छोड़ दिए हैं। इससे मनेंद्रगढ़ और चिरमिरी के लोगों सहित अन्य राहगीरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस सड़क पर दो पहिया वाहन चालक तो किसी तरह आवाजाही कर ले रहे हैं। मगर चार पहिया वाहन चालकों को गाड़ी चलाने में परेशानी हो रही है। बारिश के कारण किए गए गड्ढों को भरा नहीं गया- पीडब्लूडी बारिश के दौरान यह समस्या और भी बढ़ जाती है। इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है। इस मामले में पीडब्लूडी के एसडीओ संजय भारिल्य ने कहा कि बारिश के कारण किए गए गड्ढों को भरा नहीं गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित ठेकेदार को जल्द से जल्द सभी गड्ढों को भरने के लिए निर्देशित किया जाएगा। साथ ही यह भी निर्देश दिया जाएगा कि एक पैच के गड्ढों को भरने के बाद ही दूसरे पैच की खुदाई की जाए। इससे आवागमन में होने वाली परेशानी कम होगी और दुर्घटना की संभावना भी कम होगी।


