छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में खाद्य सामाग्री की जांच की गई। जिला प्रशासन की टीम ने मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट, स्ट्रीट फूड वेंडरों के यहां छापा मारा। इस दौरान 80 नमूनों की जांच की गई। 33 सैंपल लेकर लैब भेजा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कवर्धा, सहसपुर लोहरा, पंडरिया और बोडला ब्लॉकों में ये कार्रवाई की। दुकानदारों को अखबारी कागज का उपयोग ना करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देशन में 3 दिन तक यह कार्रवाई चली। रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोग शाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद, अवमानक या असुरक्षित खाद्य बेचने वाले प्रतिष्ठानों और निर्माताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा नियम 2011 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों को दिए निर्देश अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को मानक स्तर की खाद्य सामग्री बेचने, साफ-सफाई रखने, बिना लाइसेंस या पंजीयन के व्यापार न करने, मिठाई निर्माण और समाप्ति तिथि अंकित करने, मिठाइयों के निर्माण में स्वच्छता अपनाने, त्योहारी सीजन में केवल शुद्ध मिठाई ही विक्रय करने और हैण्ड ग्लव्स व कैप का प्रयोग करने के निर्देश दिए गए। अखबारी कागज का उपयोग न करने के निर्देश विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि खाने-पीने की वस्तुओं की पैकिंग में छपाई वाले अखबारी कागज का उपयोग न करें, क्योंकि इसमें मौजूद रसायन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होते हैं। यदि कोई व्यापारी ऐसा करता है तो उसे इसके दुष्प्रभावों की जानकारी दें और ऐसा न करने की सलाह दें।


