छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में रक्षाबंधन को लेकर राखियों की दुकानों पर रौनक बढ़ गई है। इस बार बाजार में 10 रुपए से लेकर 1000 रुपए तक की राखियां उपलब्ध हैं। बच्चों की डिमांड के अनुसार भी कई नए डिजाइनों के कलेक्शन बाजार में देखे जा रहे हैं। शनिवार को रक्षाबंधन के चलते शहर में लोगों की चहल-पहल बढ़ गई है। शहर के हर प्रमुख चौक-चौराहों पर राखी की दुकानें सजी हुई हैं, जहां ग्राहक राखी खरीदने आ रहे हैं। राखी व्यवसायी आरती केशरवानी ने बताया कि इस साल बाजार में पिछले साल की तुलना में अधिक नए और आकर्षक डिजाइनों की राखियां आई हैं, जिनकी डिमांड भी काफी बढ़ी है। महिलाएं खासतौर पर लुंबा राखी खरीदने के लिए दुकानों तक आ रही हैं। वहीं, बच्चों के लिए डिज्नी थीम वाली राखियों की भी खूब बिक्री हो रही है। बच्चों के लिए घड़ी वाली राखी
राखियों में सबसे ज्यादा मांग बच्चों की होती है। इस बार बच्चों के लिए राखियों का कलेक्शन ज्यादा है। राखी व्यवसायी ने बताया कि बाजार में बच्चों के लिए कई तरह की राखियां आई हैं। इनमें कई कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां तो हैं ही, साथ ही घड़ी के डिज़ाइन जैसी राखियां भी मौजूद हैं, जिन्हें बच्चे बहुत पसंद कर रहे हैं। मिठाईयों की भी सजी दुकानें
रक्षाबंधन के एक दिन पहले ही शहर में मिठाइयों की दुकानें सज गई हैं। चक्रधर नगर चौक, स्टेडियम रोड, गोपी टाकीज रोड, लाल टंकी रोड, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड रोड, सत्तीगुड़ी चौक सहित अन्य प्रमुख जगहों पर तरह-तरह की मिठाइयों की बिक्री हो रही है।


