जालंधर | सिटी के रहने वाले 15 वर्षीय राज शेखर शर्मा ने डीप स्पेस में संदेश भेजकर अपना नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज करवाया है। सेंट जोसफ बॉयज स्कूल में 10वीं के छात्र राजशेखर शर्मा ने अंतरिक्ष विज्ञान में एक अद्वितीय उपलब्धि हासिल करते हुए अपना व्यक्तिगत पारिवारिक संदेश डीप स्पेस में सफलतापूर्वक भेजा है। यह संदेश मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, यूएसए के हैस्टैक ऑब्जर्वेटरी के माध्यम से भेजा गया, जो पृथ्वी से 620 अरब किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर चुका है। इस उपलब्धि के लिए राज को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में इनोवेशन के युवा अचीवर के रूप में दर्ज किया गया है। इसके अलावा, राज ने नासा वर्चुअल गेस्ट के रूप में 30 से अधिक अंतरिक्ष मिशनों में भाग लिया है। उनका नाम नासा के सेंड यूअर नेम टू मार्स प्रोग्राम में भी शामिल किया गया है और उन्होंने क्रंचलैब्स स्पेस सेल्फी प्रोजेक्ट के माध्यम से अपनी सेल्फी भी अंतरिक्ष में भेजी है। राज कहते हैं वे चाहता हैं कि उनकी यात्रा भारत के युवाओं को बड़े सपने देखने और विज्ञान व तकनीक की खोज करने के लिए प्रेरित करे।


