क्राइम रिपोर्टर | रांची साइबर थाना रांची की पुलिस ने एक साइबर अपराधी सन्नी यादव को गिरफ्तार किया है। वह जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस ने एक मोबाइल, दो सिमकार्ड, तीन एटीएम, एक पासबुक व 32 हजार 500 रुपए नकद बरामद किए हैं। यह चीनी ठगों की मिलीभगत से रांची में संचालित साइबर अपराध के नेटवर्क में शामिल अपराधियों का मुख्य सरगना है। इस केस में यह आठवीं गिरफ्तारी है। इसके पास से मिले बैंक खातों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में दर्ज निवेश, घोटाले व डिजिटल अरेस्ट से संबंधित शिकायतें मिली हैं। ये शिकायतें नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज हैं। इसी केस में एक महीने पहले चार जुलाई को जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित ओलिव गार्डन होटल से सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोपियों पर निवेश का झांसा देकर घोटाला करने, डिजिटल अरेस्ट जैसी धोखाधड़ी गतिविधियों में संलिप्तता का आरोप है। यह गिरोह म्यूल बैंक खातों (दूसरे के नाम पर खुले खातों का इस्तेमाल करना) की व्यवस्था कर चीनी ठगों की मिलीभगत से अवैध ट्रांजेक्शन करने में शामिल था। सन्नी यादव 60 म्यूल खातों के बारे में मिली थी जानकारी : साइबर थाना की पुलिस ने चार जुलाई को सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जिसके विश्लेषण में पता चला था कि इनके पास अलग अलग नामों पर विभिन्न बैंक के 60 खाते (म्यूल खाते) थे। जिनका इस्तेमाल ये लोग ठगी के लिए करते थे।


