छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के दतिमा गांव में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर गया और ट्रेलर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतक की पत्नी और बेटा घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और करीब दो घंटे तक आवागमन ठप कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम हटवाया और मामले की जांच शुरू की। यह हादसा विश्रामपुर थाना क्षेत्र के करंजी चौकी की है। जानकारी के अनुसार, सूरजपुर थाना क्षेत्र के सपकरा निवासी अनिरुथ देवांगन (25 वर्ष) शनिवार को अपनी पत्नी और बेटे के साथ रक्षाबंधन मनाने के लिए करसु-कसकेला ससुराल जा रहा था। दतिमा-बिश्रामपुर मार्ग पर, एचपी पेट्रोल पंप के पास, भटगांव से कोयला खाली कर बिश्रामपुर कोल माइंस लौट रही ट्रेलर (क्रमांक सीजी 29 ए 4020) के ड्राइवर ने तेज रफ्तार में अनिरुथ की बाइक को टक्कर मार दी। युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम
हादसे के बाद सड़क पर गिरा युवक ट्रेलर के चक्के के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेलर का ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर करंजी चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मृतक के शव को उठाकर करंजी अस्पताल भेज दिया। वहीं घायल पत्नी और बेटे को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना से गुस्साए लोगों ने घटनास्थल पर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक जाम की वजह से दोनों तरफ लंबी वाहनों की कतारें लग गई। मौके पर पहुंची एसडीएम शिवानी जायसवाल ने लोगों को समझाकर शांत किया। इसके बाद चक्काजाम खत्म करवा दिया गया। घायल पत्नी और बेटे का इलाज जारी है। कोयला परिवहन नियंत्रित करने की मांग करंजी-विश्रामपुर मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रेलरों की वजह से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और लोगों को लगातार दुर्घटना का डर बना रहता है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के सामने कोयला परिवहन पर नियंत्रण की मांग की है। आंदोलन कर रहे लोगों ने कोयला ट्रकों को स्कूलों के आने-जाने के समय और बाजार के दिनों में रोकने की भी मांग की है। एसडीएम ने इस मामले पर विचार करने का भरोसा दिलाया है। भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने कहा कि भारी वाहनों से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो सकती है। इसलिए इस पर तुरंत रोक लगाना जरूरी है।


