जमशेदपुर में 13 एकड़ में आईएसबीटी बनेगा, पार्किंग में 50 बसें लग सकेंगी

झारखंड में पहला इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जमशेदपुर के डिमना चौक के पास करीब 13 एकड़ जमीन पर आईएसबीटी बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आईएसबीटी पांच मंजिला होगा। इसमें दो तल्ले बेसमेंट और तीन तल्ले में नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यहां 23 बस एलिगेटिंग बस वे बनेगा, जहां एक साथ 23 बस खुलेंगी। इसके अलावा आइडियल पार्किंग में 50 बस लगाने की सुविधा होगी। नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने नगर विकास विभाग द्वारा तैयार आईएसबीटी के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री की स्वीकृति मिलने के बाद नगर विकास सचिव सुनील कुमार ने जुडको को आईएसबीटी बनाने की जवाबदेही सौंपी है। कर्नाटक की आइडेक कंपनी ने इसका डिजायन तैयार किया है। सचिव ने इस योजना की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर करके काम शुरू कराने का निर्देश दिया है। दूसरी ओर आईएसबीटी के बगल में ही जल संसाधन विभाग का क्षेत्रीय कार्यालय और गोदाम बनाने की भी स्वीकृति दी गई है। इस पर करीब 145.24 करोड़ रुपए खर्च होने की संभावना है। जल संसाधन विभाग का कार्यालय भी होगा खास : जल संसाधन विभाग का कार्यालय भी बेहतरीन बनेगा। यहां दो गोदाम, जनरेटर रूम-ट्रांसफार्मर लगाने के लिए जगह। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनेगा। चारों ओर रोड कनेक्टिविटी बनेगी,ताकि आईएसबीटी आने वालों को किसी तरह की परेशानी न हो। खासियत : 18 टिकट काउंटर, 46 दुकानें, एसी वेटिंग हॉल ग्राउंड फ्लोर पर 23 बस वे, 18 टिकट काउंटर, क्लॉक रूम, लॉजिस्टिक सेंटर, पब्लिक शौचालय, रेस्टोरेंट, फूड कोर्ट, 46 दुकान, एंकर शॉप और फर्स्ट फ्लोर पर एसी वेटिंग हॉल बनेगा। इसमें 80 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके बगल में पैसेंजर डोरमेट्री बनेगी, यहां 120 बेड होंगे, जहां यात्री आराम कर सकते हैं। इसी तल्ले पर 60 बेड का चालक डोरमेट्री बनेगी। यहां बस ड्राइवर, कंडक्टर और खलासी के आराम करने की सुविधा होगी। इसी फ्लोर पर फूड कोर्ट, सिक्योरिटी रूम, ट्रेवल एडमिन ऑफिस, टॉयलेट सहित कुछ कार्यालय बनाए जाएंगे। यहां एक कॉमर्शियल बिल्डिंग भी होगी। इसमें एक बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर सहित तीन तल्ले का भवन होगा। यहां 300 कार और 350 बाइक लगाने के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी। आईएसबीटी के चारों ओर झारखंडी कला-संस्कृति की झलक दिखेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *