भास्कर न्यूज | जालंधर गुरु नानक मिशन चौक के पास स्थित नोटोरियस क्लब में ईस्टवुड विलेज के मालिक त्रिवेणी मल्होत्रा के बेटे दिव्यांश और भतीजे मानस पर जानलेवा हमले के आरोपी लेदर व्यापारी टैहबी भाटिया व उसके भाई सैहबी भाटिया और प्रॉपर्टी डीलर बंटी चावला को पुलिस पकड़ नहीं पाई है। केस दर्ज हुए 24 घंटे हो चुके है, लेकिन केस में किसी भी एक आरोपी तक की गिरफ्तारी नहीं हुई है। थाना-4 की एसएचओ अनु पतियाल का कहना है कि पुलिस रेड कर रही है और जल्द आरोपी पकड़ लिए जाएंगे। अभी चौथे आरोपी की शिनाख्त नहीं हुई है। बता दें कि 25 साल के मानस मल्होत्रा वासी न्यू जीटीबी नगर की शिकायत पर थाना-4 में शुक्रवार रात बीएनएस की धारा 109 (इरादा-ए-कत्ल) के साथ साथ 115 (2) 117 (2) 126 (2) 351 (2) व 3 (4) के तहत केस दर्ज कर लेदर व्यापारी टैहबी भाटिया व उसके भाई सैहबी भाटिया और प्रॉपर्टी डीलर बंटी चावला को आरोपी बनाया गया था। मानस ने कहा था कि 3 अगस्त की रात करीब 1:30 बजे अपने ताया के बेटे दिव्यांश मल्होत्रा संग नोटोरियस क्लब में डीजे पार्टी देखने आया था। रात करीब 2:30 बजे डीजे पार्टी खत्म हो गई थी। मैं भाई संग घर जाने लगा तो टैहबी भाटिया किसी और शख्स से बात कर रहा था। मैं उनके पास अपने दोस्त संग बातें कर रहा था। इस दौरान बिना कारण टैहबी ने विवाद करते हुए गाली गलौज शुरू कर दिया। जब मैंने उसे रोका तो उसने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। यह देखकर भाई दिव्यांश मुझे छुड़ाने आया तो टैहबी भाटिया ने कांच का गिलास सीधा सिर में मारा, लेकिन मैं पीछे हो गया तो गिलास दिव्यांश की नाक पर लगा। मानस ने कहा कि अगर भाई पीछे न होता तो कांच का गिलास उसके सिर में लगना था। इससे उसकी जान भी जा सकती थी। दोनों जख्मी को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। शुरूआती दिनों में जख्मी की हालत इतनी गंभीर थी कि वह पुलिस को बयान देने के लिए फिट नहीं था। लेकिन होश में आते ही उनसे पूरी घटना का जिक्र कर दिया।


