जालंधर | मकसूदां के आनंद नगर में कुलदीप आइस फैक्ट्री को डीसी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने सील करने के आदेश जारी कर दिए। इससे पहले आइस फैक्ट्री के अंदर बने टैंकों से अमोनिया गैस निकालने का काम एक्सपर्ट टीम को सौंपा गया था। टीम ने शुक्रवार शाम 6 बजे से लेकर शनिवार सुबह 4 बजे तक दोनों आइस टैंक खाली किए। कुल 1100 किलो गैस निकाली गई। वेरका मिल्क प्लांट से गैस निकालने आई टीम के एक्सपर्ट अमरदीप सिंह ने कहा कि गैस ट्रांसफर को लेकर जल्दबाजी नहीं की जा सकती। इससे खतरा रहता है। यहां डिप्टी डायरेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज गुरजंट सिंह भी मौजूद रहे। फैक्ट्री में थे दो टैंक : अमरदीप सिंह ने कहा कि फैक्ट्री के अंदर दो टैंक थे। एक से आइस बनती थी तो दूसरे से आइस क्यूब। दोनों में 1100 किलो अमोनिया गैस थी। इसे निकालने में 10 घंटे लग गए। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौजूद रहीं। वेरका मिल्क प्लांट की अमोनिया गैस निकालने वाली टीम को आनंद नगर के लोग रविवार शाम 5 बजे करीब सम्मानित करने जा रहे हैं। इलाकावासियों का कहना है कि टीम जान हथेली पर रखकर काम करती है। दो बार टीम ने गैस निकाली जो कि काफी जोखिम भरा काम है। डीसी से अपील है कि अगर फिर से फैक्ट्री मालिक यूनिट चलाता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाए।


