भास्कर न्यूज | जालंधर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी दिल्ली ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए यूजी और पीजी कोर्स में एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। बीए एलएलबी (ऑनर्स) और एलएलएम (वन ईयर) कोर्स के लिए ऑल इंडिया लॉ एंट्रेंस टेस्ट 14 दिसंबर 2025 को दोपहर 2 से 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तारीख 10 नवंबर 2025 है। इसके लिए जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार बीए एलएलबी कोर्स में एडमिशन के लिए उम्मीदवार को 10+2 परीक्षा में कम से कम 45% अंक (ओबीसी के लिए 42% और एससी/ एसटी के लिए 40%) के साथ पास होना जरूरी है। जो छात्र 2025 में 12वीं की परीक्षा देंगे, वे भी आवेदन कर सकते हैं। कुल 110 सीटें ऑल इंडिया लॉ एंट्रेंस टेस्ट मेरिट के आधार पर हैं। इसके अलावा 5 सीटें विदेशी नागरिकों और 5 सीटें ओसीआई/पीआईओ श्रेणी के लिए हैं, जिन्हें ऑल इंडिया लॉ एंट्रेंस टेस्ट से छूट दी गई है। इन छात्रों को क्वालिफाइंग परीक्षा में कम से कम 65% अंक लाने होंगे। ऑल इंडिया लॉ एंट्रेंस टेस्ट परीक्षा देशभर के 40 से ज्यादा शहरों में आयोजित होगी, वहीं किसी शहर में अगर 100 से कम आवेदन आते हैं, तो वहां परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा और उम्मीदवार को उसकी दूसरी या तीसरी पसंद का शहर दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 3000 रुपए है। एससी/एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 1000 रुपए है। एससी/एसटी और बीपीएल महिला उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। अगर कोई उम्मीदवार एडमिशन प्रक्रिया से बाहर होता है तो उसकी काउंसलिंग फीस पूरी तरह लौटाई जाएगी। अगर वह एडमिशन लेता है तो यह फीस कुल फीस में समायोजित होगी। एडमिशन के बाद अगर कोई छात्र नाम वापस लेता है तो पूरी फीस यूजीसी गाइडलाइन के अनुसार लौटाई जाएगी। वहीं एनएलयू दिल्ली 3 मई 2026 को ऑल इंडिया एंट्रेंस टेस्ट भी आयोजित करेगा। इसके तहत पोस्टग्रेजुएट इन-सॉल्वेंसी प्रोग्राम, इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी लॉ एंड मैनेजमेंट में जॉइंट मास्टर्स/एलएलएम और पीएचडी प्रोग्राम में एडमिशन होंगे। इन कोर्सेस के लिए विस्तृत नोटिफिकेशन जनवरी 2026 में जारी होगा और ऑनलाइन आवेदन 7 जनवरी 2026 से शुरू होंगे। एलएलएम(वन ईयर) कोर्स के लिए पात्रता एलएलएम कोर्स में एडमिशन के लिए उम्मीदवार के पास एलएलबी या समकक्ष डिग्री में कम से कम 50% अंक (एससी/एसटी/दिव्यांग के लिए 45%) होने चाहिए। 2024 में फाइनल ईयर एलएलबी परीक्षा देने वाले छात्र भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए कुल 70 सीटें ऑल इंडिया लॉ एंट्रेंस टेस्ट मेरिट के आधार पर हैं। इसके अलावा 5 सीटें विदेशी नागरिकों और 5 सीटें ओसीआई/पीआईओ श्रेणी के लिए हैं। एक अतिरिक्त सीट कश्मीरी प्रवासियों के लिए आरक्षित है। सभी श्रेणियों में न्यूनतम 55% अंक (आरक्षित वर्ग के लिए 50%) जरूरी हैं।


