खड़गपुर | पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत बेलदा स्थित बेलदा सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल परिसर से एक विलुप्त प्रजाति का गिरगिट बरामद हुआ। अस्पताल कर्मियों ने बरामद कैमेलियन को वन कर्मियों को सौपा।मालूम हो कि अस्पताल के कर्मियों ने पैनल रुम के सामने एक पेड़ पर विलुप्त प्रजाति के कैमेलियन को देखा।उन्होंने कैमेलियन के बारे में वन विभाग को जानकारी दी। जानकारी मिलने के बाद वन कर्मी अस्पताल पहुँचे।उन्होंने कैमेलियन को सुरक्षित तरीके से पकड़कर एक डिब्बे में बंद करके वन कार्यालय लेकर गये।वन कर्मियों का कहना है कि बरामद कैमेलियन विलुप्त प्रजाति का है। चिकित्सा के बाद कैमेलियन को जंगल में छोड़ दिया जाएगा। खड़गपुर | कोतवाली थाना अंतर्गत मेदिनीपुर के गिरधारी चौक इलाके में बालू से लदा एक ट्रक पलट गया। इस दौरान दो लोग जख्मी हो गये।जानकारी हो कि इलाके से गुजरने के दौरान ट्रक की गति अत्यधिक थी। संतुलन बिगड़ जाने से ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे दो लोग जख्मी हो गये। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बालू से लदा ट्रक ओवरलोड होने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद इलाके में सड़क जाम हो गया। जिससे इलाके में यातायात बाधित हुआ। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस इलाके में पहुंची। पुलिस के हस्तक्षेप से परिस्थिति को सामान्य किया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। बहरागोेड़ा | झारखंड आंदोलन के महानायक, राज्यसभा सांसद सह पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर शनिवार को खण्डामौदा तारापद सारंगी पठागार परिसर में शोकसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व पोस्ट मास्टर मृत्युंजय माइति ने की। सभा की शुरुआत दिवंगत नेता के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। उपस्थित लोगों ने गुरुजी के प्रति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वक्ताओं ने बताया कि गुरुजी ने अपना पूरा जीवन झारखंड और यहां के लोगों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत रहेगा। इस अवसर पर मनोरंजन गिरि, लक्ष्मण चंद्र गिरि, लंबोदर कुंवर, सोमाय सिंह, देबू हेम्ब्रम, हरिपद पाल, रतिकांत सीट, शशांक शेखर पाल, इंद्रजीत दास, श्याम सुंदर बारिक, राम हेम्ब्रम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। खड़गपुर | मेदिनीपुर रेलवे स्टेशन से सटे रांगामाटी इलाके में ट्रेन से कटकर एक वृद्ध की मौत हो गई। राजकीय रेल पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष है। जानकारी हो कि वह व्यक्ति बाजार से अपने घर की ओर लौट रहा था। रेल लाइन पार करने के दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गयी। घटना की जानकारी मिलने के बाद राजकीय रेल पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पायी। पुलिस घटना की जांच कर रही है।


