पंजाब के फरीदकोट में दो बाइकों के बीच सीधी टक्कर हो गई, जिससे सोमवार को चाचा और रविवार रात को भतीजे की मौत हो गई। जबकि दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें फरीदकोट और बठिंडा के अस्पतालों में दाखिल करवाया गया है। हादसा अमृतसर बठिंडा नेशनल हाईवे पर कोठे रामसर के पास रविवार देर शाम हुआ। मृतकों की पहचान कोटकपूरा के गुरू तेग बहादुर नगर निवासी गुरमेल सिंह (37) और उसके भतीजे सुखमंदर सिंह (9) के रूप में हुई। सूचना के बाद थाना सदर कोटकपूरा पुलिस द्वारा मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। घायलों में से बठिंडा में दाखिल एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, कोटकपूरा के गुरु तेग बहादुर नगर के रहने वाला गुरमेल सिंह अपने भतीजे सुखमंदर सिंह समेत अन्य पारिवारिक सदस्यों के साथ बाइक पर अपने ननिहाल गांव बंबीहा भाई गया था। दोनों बाइकों पर सवार 7 लोग सवार थे
वहां से वापस लौटते समय जब वह नेशनल हाईवे पर कोठे रामसर को क्रॉस करते हुए कुछ आगे पहुंचे तो सामने से आ रहे एक अन्य बाइकों के साथ उनकी टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें तुरंत फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल करवाया गया। इनमें से सुखमंदर सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि गुरमेल सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाकी घायलों में दूसरे बाइक पर सवार 2 लोगों को बठिंडा रेफर किया गया, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई-पुलिस
इस मामले में थाना सदर कोटकपूरा के एएसआई और जांच अधिकारी दर्शन सिंह ने बताया कि पुलिस हादसे की जांच की जा रही है और जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे,उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


