पंजाब के तरनतारन में सोमवार को पुलिस की गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव मनन के सिमरजीत सिंह और बिक्रमजीत सिंह के रूप में हुई है। हादसा झब्बाल रोड पर हुआ। सिमरजीत 12वीं का छात्र था और तीन बहनों का इकलौता भाई था। 22 वर्षीय बिक्रमजीत नौकरी करता था। परिजनों के अनुसार, दोनों दोस्त स्कूल से लौट रहे थे। इसी दौरान झब्बाल से तरनतारन जा रही पुलिस की गाड़ी ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पुलिस वाहन का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। एएसआई मेटल डिटेक्टर छोड़ने जा रहा था
थाना झब्बाल पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस ने वाहन ड्राइवर एएसआई हरजिंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। डीएसपी रछपाल सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एएसआई मेटल डिटेक्टर छोड़ने के लिए पुलिस की गाड़ी से तरनतारन जा रहा था। रास्ते में सामने से बाइक आई, जिस कारण हादसा हो गया। इसके बाद आरोपी एएसआई हरजिंदर सिंह मौके का फायदा उठा कर वहीं गाड़ी छोड़कर भाग गया। राहगीरों ने देख पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।


