पंजाब के लुधियाना में मेयर की कुर्सी के लिए प्रत्येक राजनीतिक पार्टी जोर लगा रही है। इस दौरान दो दिन पहले आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के पार्षद जगदीश लाल दीशा, शिअद पार्षद चतरवीर और एक आजाद उम्मीदवार दीपा रानी को आप में शामिल कर लिया था। मेयर बनाने के लिए प्रत्येक पार्टी को बिना विधायकों के वोटिंग करवाए 48 सीटों की जरूरत है। आम आदमी पार्टी के पास 44 सीटें हो चुकी है। आप के विधायक खुश नजर आ रहे है और उनका दावा है कि जल्द वह मेयर का भी ऐलान कर देंगे। कांग्रेस जिला प्रधान और पूर्व विधायक तलवाड़ बोले… इस बीच कांग्रेस के जिला प्रधान संजय तलवाड़ ने फेसबुक पर पोस्ट शेयर करके शहर की राजनीति को एक बार भी गरमा दिया है। तलवाड़ ने फेसबुक पर पोस्ट लिखा है-ज्यादा खुश न होए, अभी बहुत कुछ होना , मेयर ? तलवाड़ के इस पोस्ट को लेकर जब दैनिक भास्कर ने उनसे बातचीत की तो उन्होंने कहा कि आज और कल दो दिनों में शहर की राजनीति में बड़े बदलाव आने है। विरोधियों को पहले ही शहर की जनता नकार चुकी है। आम आदमी पार्टी ने यदि पंजाब में बहुमत से सरकार बनाई है तो उन्हें लुधियाना में कम से कम 62 या 62 सीटें आसानी से आ जानी चाहिए थी लेकिन लोगों ने उन्हें बहुत तक पहुंचने ही नहीं दिया। तलवाड़ ने कहा कि जल्द कांग्रेस मेयर कुर्सी को लेकर बड़ा खुलासा करेगी। विरोधियों को खुश होने की जरूरत नहीं है अभी पिक्चर पूरी चलनी बाकी है। बता दें कि भाजपा और कांग्रेस का गठजोड़ होकर मेयर बनाने की खूब चर्चा थी लेकिन केन्द्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने उस पर विराम लगा दिया। बिट्टू ने कांग्रेस मुक्त भारत अभियान का हवाला देकर कहा था कि कांग्रेस के साथ कभी भी गठजोड़ नहीं कर सकते। निकाय चुनाव में भाजपा के पास 19 सीटे है। शिअद के पास अब 1 और 2 आजाद उम्मीदार है।


