भास्कर न्यूज | चाईबासा झींकपानी थाना क्षेत्र अंतर्गत चेड़ेया पहाड़ी निवासी 41 वर्षीय विजय सिंह मुदुईया की मौत वज्रपात से हो गई। पुलिस ने सोमवार को सदर अस्पताल में लाश को पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया। घटना रविवार के अपराह्न 3:00 बजे की बताई जाती है। इसकी सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रात्रि 8 बजे लाश को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। रात्रि होने के कारण लाश को पोस्टमार्टम हाउस में रातभर सुरक्षित रखवाने के बाद दूसरे दिन सोमवार को पोस्टमार्टम किया गया। घटना के संबंध में बताया गया कि वह धान के खेत की ओर गया था। अपराह्न 3:00 बजे के करीब आसपास के क्षेत्र में बूंदाबांदी के साथ-साथ बादल गरजने लगे तो वह घर की ओर जाने लगा, तभी उसके अगल-बगल खेत में वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से किसान विजय सिंह मुदुईया की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। इस घटना में उनके शरीर में पहने हुए टीशर्ट के चीथड़े उड़ गए।


