बिलासपुर में हर घर तिरंगा अभियान:8 स्कूलों के 750 छात्र-छात्राओं ने साइकिल रैली निकाली, विधायक कौशिक ने किया शुभारंभ

बिलासपुर में आजादी की 79वीं वर्षगांठ पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत विशेष साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में 8 स्कूलों के 750 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। बिल्हा विधायक धर्मलाल कौशिक ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। रैली का नेतृत्व विधायक कौशिक के साथ कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसपी रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने किया। विधायक कौशिक ने स्वयं भी साइकिल चलाई। विभिन्न मार्गों से होते हुए न्यू सर्किट हाउस पहुंची तिरंगा साइकिल रैली रिवर व्यू रोड से शुरू हुई। यह लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मार्ग, सिटी कोतवाली चौक, गोल बाजार मार्ग होते हुए न्यू सर्किट हाउस तक पहुंची। मार्ग में छात्रों ने तिरंगा लहराया और देशभक्ति के गीत गाए। उन्होंने वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे भी लगाए। विधायक कौशिक ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश की एकता का प्रतीक है। ऐसी रैलियां राष्ट्रीय भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में देशभक्ति और संविधान के प्रति सम्मान की भावना जगाना सबका दायित्व है। रैली का समापन न्यू सर्किट हाउस में हुआ। इस अवसर पर स्कूली बच्चों के अलावा युवा, स्वयंसेवक, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *