चंबा जिला का पांगी एक ट्राइबल इलाका है, यहां साल भर में से 6 महीने बर्फबारी होती रहती है। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके सामाधान के लिए इलाके में अब ब्लोअर मशीन भेजी गई है, जो बर्फ की चादर को हटाने का काम कर रही है। सर्दियों में पांगी के इलाके में सड़कों पर बर्फ की मोटी चादर बिछ जाती है, जिससे कि यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो जाती है। जिससे निपटने के लिए पांगी लोक निर्माण मंडल ने 2 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से मशीन खरीदी है। सड़कों पर जमी बर्फ को अब ट्रक-माउंटेड स्नो ब्लोअर मशीन से हटाया जाएगा। पहले जेसेबी से हटाए जाते थे बर्फ
इस मशीन को करीब एक हफ्ते पहले खरीद कर लाया गया था, लेकिन शनिवार को पांगी में हुए हिमपात की वजह से बंद पड़ी सड़कों से बर्फ हटाने के लिए यह मशीन सड़क पर पहली बार उतरी। जिस काम को पूरा करने को पहले कई दिन लग जाते थे, वह काम अब महज कुछ घंटों में हो जाएगा। पांगी में इस आधुनिक मशीन की बेहद जरूरत थी, क्योंकि यहां वर्ष में करीब तीन से चार महीने हिमपात होता है। पहले बर्फ की वजह से बंद पड़ी सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनें हायर की जाती थी, लेकिन ट्रक-माउंटेड स्नो ब्लोअर मशीन के आने से पांगी के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से थी मशीन की कमी
आवासीय आयुक्त पांगी रमन घरसंगी का कहना है कि इस मशीन के आने से लोगों की आवाजाही और आपातकालीन सेवाएं भी बेहतर तरीके से संचालित हो सकेंगी। अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग रवि शर्मा का कहना है कि लोक निर्माण विभाग अब पांगी की सड़कों को कम समय व कम लागत में खोलने में सक्षम होगा। पांगी में इस मशीन की लंबे समय से कमी महसूस की जा रही थी जो अब दूर हो गई है।


