मस्जिदों में ध्वजारोहण का आदेश भाजपा का प्रोपेगेंडा-PCC चीफ:बैज बोले-RSS मुख्यालय में 52 साल तक तिरंगा नहीं फहराने वाले देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे

मस्जिदों में तिरंगा फहराने के वक्फ बोर्ड के आदेश को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने इसे बीजेपी का नया राजनीतिक प्रोपेगेंडा बताया है। उन्होंने कहा, अब तक किसी भी मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे या गिरजाघर पर झंडा नहीं फहराया गया है, तो फिर इस तरह का फरमान क्यों। बैज ने कहा कि झंडा फहराने के लिए हर नागरिक स्वतंत्र है। झंडा फहराने के बाद हर व्यक्ति गौरवान्वित महसूस करता है। लेकिन मस्जिदों में झंडा फहराने जैसा आदेश देना एक तरह का राजनीतिक प्रोपेगेंडा है। उन्होंने भाजपा के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी इस अभियान को बढ़ावा देने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रही है। प्रायश्चित करने के लिए इस तरह के नए तरीके अपना रही पीसीसी अध्यक्ष बैज ने भाजपा के ‘घर-घर तिरंगा’ अभियान पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा यह अभियान एक राजनीतिक प्रोपेगेंडा के तौर पर चला रही है। उन्होंने सवाल उठाया, क्या हमारे देश और प्रदेश की जनता को खुद से तिरंगा लगाने का अधिकार नहीं है? फिर भाजपा क्यों तिरंगा बांट रही है? बैज ने कहा कि देशभक्ति कोई पार्टी बांट नहीं सकती, तिरंगा हर भारतीय का गौरव है, और जनता उसे खुद ही फहरा सकती है। बैज ने कहा कि यह साफ दिखता है कि भाजपा एक नया राजनीतिक प्रोपेगेंडा चला रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो पार्टी आरएसएस मुख्यालय में 52 साल तक तिरंगा नहीं फहराती रही, आज वही देशभक्ति का पाठ पढ़ा रही है। अब भाजपा अपने पुराने कृत्यों का प्रायश्चित करने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है। वोट चोरी का मामला साफ पीसीसी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी की सरकार में वोट चोरी का मामला साफ हो चुका है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का चार-चार बूथों में नाम, फर्जी वोटर कार्ड, एक घर में 80 वोटर ये सब क्या है? सुप्रीम कोर्ट में हमारे साथी इस लड़ाई को लंबे समय से लड़ते आए हैं। आज हमारे नेता राहुल गांधी ने यह सच्चाई सामने रखी है। बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी इस तरह की जो घटनाएं घटी है। उसका भी परीक्षण हम लोगों ने शुरू कर दिया है। बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को भी भरोसा नहीं था कि उनकी सरकार बन जाएगी, रिजल्ट भी अनएक्सपेक्टेड था। इसका भी परीक्षण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शुरुआत मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से हुई थी और हरियाणा से हमारे नेता राहुल गांधी और उनकी टीम मेहनत कर आज भाजपा और निर्वाचन आयोग के गठजोड़ को जनता के सामने ले आए हैं। छत्तीसगढ़ में वोट चोरी की घटना का परीक्षण बैज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छत्तीसगढ़ में वोट चोरी की घटनाओं की जांच कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब एक साथ चार-पांच राज्यों में चुनाव होते हैं, तो भाजपा चुनाव आयोग से सांठगांठ कर अपने पक्ष में नतीजे प्रभावित करती है। बैज ने कहा, भाजपा एक राज्य को छोड़ बाकी सभी राज्यों में सत्ता पाने की चाल चलती है, ताकि विपक्ष सवाल न उठा सके। बैज ने कहा कि एक राज्य में कांग्रेस जीत गई, बाकी राज्यों में भाजपा आ जाती है। यह भी एक बड़ी साजिश का हिस्सा है। बैज ने कहा कि आज के समय बाई इलेक्शन में भाजपा की पार्टी चुनाव क्यों नहीं जीत रही है। उन्होंने कहा, भाजपा चुनाव आयोग के दम पर उनका दुरुपयोग कर लगातार सत्ता हासिल कर रही है। यह बात देश की जनता के सामने प्रूफ हो चुका है। चाहे निर्वाचन आयोग और भाजपा कितनी भी सफाई दे, लेकिन उनकी सफाई में कोई दम नहीं है। चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए, बीजेपी क्यों दे रही है? बैज ने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग को इन आरोपों का जवाब देना चाहिए, लेकिन बीजेपी जवाब दे रही है। क्या बीजेपी चुनाव आयोग की प्रवक्ता है? उन्होंने कहा कि बीजेपी मुद्दों से भटकाने और ध्यान बांटने के लिए इस तरह के कदम उठा रही है, जबकि चुनावी गड़बड़ियों पर कोई ठोस जवाब नहीं दे रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *