भास्कर न्यूज|लोहरदगा झारखंड में हाल ही में हुए छात्र संघ चुनावों में कथित वोट चोरी और गड़बड़ियों के खिलाफ मंगलवार को एनएसयूआई ने राजधानी रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी के निर्देश पर यह आंदोलन हुआ। प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता झारखंड चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर जुटे। “वोट हमारी ताकत है, इसे चोरी नहीं होने देंगे”, “वोट चोर हो सावधान”, “वोट चोर, गद्दी छोड़” जैसे नारों से परिसर गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की लापरवाही और मिलीभगत से लोकतंत्र की साख को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि जिन संस्थाओं पर निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी है, वही आंख मूंद लें तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाता है। माहौल उग्र होते देख अशोक नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। इसके बावजूद एनएसयूआई कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। विनय उरांव ने कहा कि हम लोकतंत्र के प्रहरी हैं। जनता का मताधिकार सर्वोच्च है। उस पर किसी भी तरह की चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मतदान केंद्रों पर धांधली, मतदाता सूची में हेरफेर और वोट चोरी लोकतंत्र की जड़ें कमजोर करते हैं। जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती और पारदर्शिता बहाल नहीं होती, एनएसयूआई का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर चुनाव आयोग ने इन मुद्दों पर ठोस कदम नहीं उठाया, तो एनएसयूआई राज्यव्यापी आंदोलन करेगी। इसमें बड़े स्तर पर घेराव, रैली और प्रदर्शन होंगे।


