पंजाब में 15 अगस्त तक बारिश का यलो अलर्ट:तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री कम, तीन जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति, लोग आफत में

पंजाब के कई इलाकों में बारिश हो रही है। वहीं, आज और आने वाले दो दिन में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होगी। चंडीगढ़ मौसम विभाग की तरफ से 15 अगस्त तक यलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। यह सामान्य तापमान से 3.5 डिग्री कम रहा है। बठिंडा में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। यहां पर 36.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, पटियाला में भी बारिश हुई है। यहां पर 8.4 एमएम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि पौंग डैम से पानी छोड़े जाने की वजह से ब्यास नदी का जल स्तर बढ़ गया है, जिससे होशियारपुर में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। ऐसी ही स्थिति फिरोजपुर और कपूरथला में है। जीरा क्षेत्र के हरिके हेड वर्क्स से पानी छोड़े जाने की वजह से सात गांवों का 600 एकड़ क्षेत्र पानी में डूबा है। इनमें निजाम वाला, सुल्ताना वाला, चमड़ियां वाली, बस्ती राम लाल, बस्ती खान, लड्डू और मुठिठयां शामिल हैं। हुसैनीवाला में भी ऐसी ही हालत है। छह जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग के मुताबिक आज हिमाचल से सटे छह जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों में गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब शामिल हैं। इन जिलों के 75 से 100 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश की संभावना है। जबकि 6 जिलों में कुछ स्थानों पर 25 से 50 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश होगी। इन जिलों में अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर और पटियाला शामिल हैं। जबकि फिरोजपुर, मोगा, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, बठिंडा, बरनाला, संगरूर और मानसा में कुछ स्थानों पर बारिश होगी। यहां पर 25 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश की संभावना है। आने वाले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम 14 अगस्त को गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब और मोहाली में अधिकतर स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। जबकि अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, पटियाला में कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है। जबकि शेष नौ जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। 15 अगस्त को गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। जबकि अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, लुधियाना, पटियाला व फतेहगढ़ साहिब में कुछ स्थानों पर बारिश होगी। जबकि अन्य जिलों में 25 प्रतिशत हिस्सों में बारिश की संभावना है। ऐसे दर्ज हुई जिलों में बारिश पंजाब के कई जिलों में बारिश हुई। लुधियाना में 8.4 एमएम, फिरोजपुर 0.5 एमएम, होशियारपुर 0.5 एमएम, मानसा में 1.0 एमएम, मोहाली 3.0 एमएम, पठानकोट 2.0 एमएम और रूपनगर में 3.0 एमएम बारिश दर्ज की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *