पाकुड़ में दो बाइक की आमने-सामने टक्कर:तीन युवक घायल, दो को सदर अस्पताल रेफर, बारिश में फिसलन बनी वजह

पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत साहेबगंज-गोविंदपुर मुख्य मार्ग पर स्थित स्टेडियम के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान बरामसिया निवासी 30 वर्षीय मुंशी टुडू, जीतपुर निवासी 18 वर्षीय मनीष सोरेन और 18 वर्षीय मोहन राय के रूप में हुई है। बताया गया कि घटना के समय मुंशी टुडू लिट्टीपाड़ा से अपने घर लौट रहे थे, जबकि मनीष सोरेन और मोहन राय अपने गांव से लिट्टीपाड़ा की ओर जा रहे थे। तेज रफ्तार और सड़क पर फिसलन के कारण दोनों मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। घायलों को स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर ले आए। घटना की सूचना ग्रामीणों ने लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लिट्टीपाड़ा भेजा गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकेश बेसरा ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान पता चला कि मुंशी टुडू और मनीष सोरेन को सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत चिंताजनक होने पर दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ रेफर कर दिया गया। वहीं, मोहन राय की चोटें अपेक्षाकृत कम गंभीर थीं और उनका इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है। लगातार बारिश से सड़कों में बढ़ी फिसलन स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में क्षेत्र की सड़कों पर फिसलन बढ़ जाती है, जिससे हादसों की आशंका भी ज्यादा रहती है। पिछले कुछ सप्ताह में लिट्टीपाड़ा और आसपास के इलाकों में इस तरह की सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ी है। दुर्घटनाओं को कम करने के लिए जिला प्रशासन ने परिवहन विभाग को सड़कों पर सुरक्षा और जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसके तहत मोटरसाइकिल चालकों को हेलमेट पहनने की अनिवार्यता और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *