भास्कर न्यूज |लुधियाना शहर की व्यस्त 200 फीट रोड (मिसिंग लिंक-2) पर अवैध रूप से खड़े ट्रकों के कारण हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। स्थानीय निवासियों की शिकायत पर ट्रैफिक पुलिस जोन इंचार्ज बबन प्रीत कौर ने मौके पर पहुंचकर 15 ट्रकों के चालान काटे और कई ट्रक मौके से फरार हो गए। इलाका निवासियों का कहना है कि रोजाना सीमेंट और रेत से लदे ट्रक इस सड़क पर अवैध रूप से खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था। हाल ही में ट्रैफिक पुलिस ने इन ट्रक चालकों को चेतावनी भी दी थी। बबन प्रीत कौर ने बताया कि सड़क के किनारे खड़े इन ट्रकों की वजह से ट्रैफिक बाधित हो रहा था और कई बार हादसे हो चुके हैं। मौके पर 15 ट्रकों के चालान काटे गए हैं, बाकी ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गए। उन्होंने कहा कि यदि आगे भी यही स्थिति रही तो इन वाहनों को जब्त कर बांड किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सड़क हाई-स्पीड ट्रैफिक रूट है और ट्रकों का स्टैंड बनाना कानूनन गलत है। साथ ही, संबंधित दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि दोबारा इस तरह की स्थिति सामने आई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


