नग्गी दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को जिले के श्रीकरणपुर के गांव नग्गी स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को याद किया गया। 28 दिसंबर 1971 को नग्गी में हुए युद्ध में भारतीय जांबाज सैनिकों ने पाकिस्तानी सेना को खदेड़ दिया था। इस संघर्ष में भारतीय सेना के 21 जवान शहीद हो गए थे। इन्हीं जवानों की स्मृति में यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित होता है। श्रीगंगानगर से रैली रवाना होकर श्रीकरणपुर पहुंची जहां शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित किए गए।
भारतीय सेना के अधिकारी एनआर जाखड़ ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया। इस मौके पर शहीदों की वीरता का स्मरण किया गया। शहीदों के देश के लिए बलिदान को याद किया गया। सेना की ओर से प्रतिवर्ष यहां आयोजन करवाया जाता है।
यह था नग्गी युद्ध
वर्ष 1971 में पाकिस्तानी सेना के समर्पण के बाद युद्ध समाप्त हो चुका था। दोनों देशों की सेनाएं लौट चुकी थी। इसी दौरान 28 दिसंबर 1971 को पाकिस्तानी सेना लौट आई और नग्गी इलाके से आगे बढ़ने का प्रयास किया। जानकारी मिलने पर भारतीय सेना के जवान भी मौके पर पहुंच गए और सुबह चार बजे पाक सैनिकों पर हमला कर दिया। इससे पाक सैनिक घबरा गए और पीछे हट गए। कुछ देर के संघर्ष के बाद भारतीय सैनिकों ने नग्गी को दुश्मनों से मुक्त करवा लिया। इस दौरान सेना के 21 जांबाज शहीद हो गए थे। उन्हीं की याद में प्रतिवर्ष यह आयोजन होता है।


