भास्कर न्यूज | लुधियाना थाना डिवीजन 7 के तहत स्टार सिटी होटल के मालिक और कारोबारी से फोन पर फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित राघव टंडन पुत्र नरेश टंडन ने पुलिस को बताया कि उन्हें वॉट्एप पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल उठाने पर सामने वाले ने अपना नाम अंकित पंडित शर्मा बताया। उसने कहा कि वह उनके सीएमसी चौक स्थित सिटी स्टे होटल के बारे में जानता है और यह भी जानता है कि उनकी कमाई का साधन अच्छा है। आरोपी ने पीड़ित से 10 लाख रुपए की फिरौती की मांग करते हुए धमकी दी कि अगर रकम नहीं दी तो जान से मार दिया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी कि इस कॉल की जानकारी किसी को न दी जाए, वरना अंजाम गंभीर होगा। पीड़ित ने इस मामले की सूचना डिवीजन 7 पुलिस को दी। इसके बाद जांच अधिकारी रणधीर सिंह ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


