बठिंडा की यूनिवर्सिटी के बाहर बुधवार को एक विदेश स्टूडेंट पर हमला हुआ। तलवंडी साबो की रोड़ी रोड स्थित गुरु काशी यूनिवर्सिटी के जिम्बाब्वे के स्टूडेंट जिवेया लीरॉय पर हमलावरों ने कार चढ़ा दी। घटना नया गांव के पास हुई। घायल स्टूडेंट को पहले तलवंडी साबो के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसे एम्स रेफर कर दिया गया। घटना के समय अस्पताल में छात्र के साथ न तो कोई साथी था और न ही यूनिवर्सिटी का कोई कर्मचारी मौजूद था। हमलावरों की कार आगे जाकर एक पेड़ से टकरा गई। हालांकि, हमलावर कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। डीएसपी राजेश स्नेही के अनुसार, एक दिन पहले यूनिवर्सिटी के दो गुटों में झगड़ा हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। यह घटना यूनिवर्सिटी और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।


