बठिंडा पुलिस ने स्कूल संचालक के घर चोरी करने वाली नौकरानी के पति को गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइन पुलिस ने शांत नगर में हुई बड़ी चोरी के मामले में आज यानी बुधवार को जानकारी दी। पुलिस ने बिहार के दरबंगा से आरोपी रोशन उर्फ विनोद माहतो को गिरफ्तार किया है। वह मुख्य आरोपी रत्नी का पति है। रत्नी को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिल चुकी है। चोरी का शिकार हुईं चरणजीत कौर रामपुरा के एक प्रमुख स्कूल की मालिक हैं। वह अपने माता-पिता के साथ शांत नगर में रहती हैं। उनके बच्चे विदेश और दिल्ली में रहते हैं। दिसंबर में परिवार में शादी के कारण उन्होंने बैंक लॉकर से गहने निकालकर घर की अलमारी में रखे थे। रत्नी नामक महिला बेअंत नगर से उनके घर में नौकरानी का काम करती थी। 9 अप्रैल के बाद वह अचानक काम छोड़कर चली गई। शक होने पर जब अलमारी की जांच की गई तो 74 तोले सोने और एक किलो चांदी के गहने गायब मिले। बिहार से आरोपी को पकड़ा
एसपी सिटी नरिंदर सिंह के अनुसार, पुलिस ने 3 मई को चरणजीत कौर के बयान पर केस दर्ज किया। मामले में रत्नी की मां सवित्री देवी और एक अन्य व्यक्ति दविंदर सिंह को भी नामजद किया गया है। पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। एसपी ने बताया कि मामले में आरोपियों को पकड़ने के लिए सिविल लाइन की टीम बिहार के दरबंगा जिले में जा पहुंची जहां स्थानीय पुलिस की मदद से रोशन उर्फ विनोद माहतो को गिरफ्तार कर उसके पास से 17 तोले सोने के गहने, बेचे गए सोने के गहनों से मिले पांच लाख और 300 ग्राम चांदी बरामद की। एसपी ने बताया कि इस केस में रतनी को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई है जो जांच में शामिल हो गई। बाकी आरोपी सवित्री देवी व दविंदर सिंह को पकड़ने के लिए पुलिस की ओर से रेड की जा रही है।


