छत्तीसगढ़ के धमतरी में तीन दोस्तों की हत्या के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। वहीं पुतला दहन के दौरान कांग्रेसियों और पुलिसकर्मियों के झूमा-झटकी भी हो गई। अर्जुनी थाना क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन किया गया। विधायक ओंकार साहू ने कहा कि जिले में दो दिन के अंदर कई घटनाएं हुई हैं। तीनों दोस्तों की हत्या नशे की हालत में की गई। उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन की विफलता पर सवाल उठाए। विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद अपराधियों का हौसला बढ़ा है। उनका आरोप है कि पुलिस-प्रशासन वसूली में लिप्त है। आम जनता के हित में काम नहीं कर रहा है। जानिए किसने क्या कहा? एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष राजा देवांगन ने बताया कि तीन पुतला दहन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इस पुतले में एक छोटा पुतला भी था। जिसको भूपेश बघेल ने छोटा रिचार्ज का नाम दिया है। पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष निशु चंद्राकर ने आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार के खुद इनके गृह मंत्री विभाग को संभालने में असमर्थ हैं। धमतरी की पुलिस पूरी तरह से सोई हुई है। पुलिस -प्रशासन के चंद कदम की दूरी पर है। उसके बाद भी अपराध में लगाम लगाने में असक्षम है। उन्होंने कहा कि सीएम और गृह मंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।


