अंबिकापुर में गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्राएं:सांसद और जनप्रतिनिधि सहित अधिकारी के साथ स्कूली बच्चे हुए शामिल, दिखा देश प्रेम का उत्साह

‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ अभियान के तहत बुधवार को अंबिकापुर में जिला प्रशासन द्वारा तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। गाजे-बाजे के साथ निकली इस तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए। इसके अलावा, भाजपा सरगुजा ने भी अपनी तिरंगा यात्रा निकाली, जो अग्रसेन चौक से कलेक्टोरेट चौक तक पहुंची। इस तिरंगा यात्रा में सांसद, विधायक सहित भाजपा पदाधिकारी और आम नागरिक शामिल हुए। दो तिरंगा यात्राओं में नगर में देशभक्तिपूर्ण माहौल बना रहा। प्रशासन की तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शहर के मल्टीपरपज स्कूल मैदान से हुआ, जो महामाया चौक, घड़ी चौक और गांधी चौक होते हुए गांधी स्टेडियम मैदान में समाप्त हुई। गाजे-बाजे के साथ निकली इस तिरंगा यात्रा में देशभक्ति और स्वच्छता के संदेश के साथ-साथ भारत माता के जयकारे शहर के मुख्य मार्गों पर गूंजते रहे। तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत, कलेक्टर विलास भोसकर, एसपी राजेश अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। मानव श्रृंखला भी बनाई
गांधी स्टेडियम में तिरंगा यात्रा का समापन हुआ, जहां उपस्थित अतिथियों ने बच्चों के उत्साह की सराहना की और स्वच्छता एवं राष्ट्रप्रेम को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने एक स्वर में राष्ट्रीय गान गाकर तिरंगा यात्रा का समापन किया। तिरंगा यात्रा में शामिल छात्राओं ने अशोक चक्र की मानव श्रृंखला भी बनाई भाजपा की तिरंगा यात्रा, सांसद विधायक हुए शामिल
भाजपा ने तिरंगा यात्रा का शुभारंभ अग्रसेन चौक से किया। भाजपा की तिरंगा यात्रा में सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक राजेश अग्रवाल, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, भारत सिंह सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा की तिरंगा यात्रा अग्रसेन चौक से महामाया चौक, संगम चौक, देवीगंज रोड होते हुए कलेक्टोरेट चौक में समाप्त हुई।
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि तिरंगा एवं भारत माता के प्रति आस्था बढ़ाना ही तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य है। आज कई ऐसे लोग हैं जो भारत माता के अस्तित्व को गिराने में लगे हैं। हम भारत माता के सपूत हैं, इसका सभी को भान हो, इसलिए तिरंगा यात्रा निकाला गया है। शहर से गांवों तक तिरंगा यात्रा का आयोजन
तिरंगा यात्रा का आयोजन लगातार शहर से लेकर गांवों तक किया जा रहा है। मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने नगर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया था। इसमें सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। ग्रामीण इलाकों में भी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जो 14 अगस्त को भी चलेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *