छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कोयला मजदूर सभा (HMS) अपनी 52 सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन कर रही है। इसी कड़ी में बुधवार को छाल खदान में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो आगे भूख हड़ताल और चक्काजाम किया जाएगा। इससे पहले भी HMS की ओर से बरौद, जामपाली और बिजारी खदानों में धरना प्रदर्शन किया जा चुका है। संगठन का कहना है कि रायगढ़ क्षेत्र में माइनिंग स्टाफ को एक घंटे का चार्ज अलाउंस नहीं दिया जा रहा है, जबकि यह अन्य क्षेत्रों में लागू है। यह भेदभाव अनुचित है। प्रदर्शनकारियों ने खदानों में बिना फिटनेस के वाहनों की स्वीकृति और बिना VTC (व्हीकल ट्रेनिंग सर्टिफिकेट) और IME (इंस्टीट्यूट ऑफ माइनिंग इंजीनियर्स) जांच के ड्राइवरों की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि इससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है। इसके अलावा, बिना नियमों के किए जा रहे प्रमोशन को लेकर भी संगठन ने आपत्ति जताई है। HMS ने मांग की है कि ऐसे प्रमोशन को तत्काल निरस्त किया जाए और जिन अधिकारियों ने नियम विरुद्ध तरीके से पदोन्नति की है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। संगठन का दावा है कि उनके पास इससे जुड़े पुख्ता प्रमाण मौजूद हैं। गलत ढंग से आवास आबंटन
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि क्षेत्र में भूविस्थापितों की समस्या, मुआवजा, नौकरी और पुनर्वास व्यवस्था में ग्रामीणों को छला जा रहा है, जो ग्रामवासियों के साथ अन्याय है। उन्होंने इस मुद्दे पर तत्काल उचित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, छाल उपक्षेत्र और बरौद उपक्षेत्र में आवास आवंटन को लेकर भी गड़बड़ियों का आरोप लगाया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि समिति सदस्यों की सहमति के बिना मनमाने तरीके से आवास आवंटित किए जा रहे हैं, जो पूरी तरह अनुचित है। इस पर भी जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। इसके अलावा 52 सूत्रीय मांग है। भूख हड़ताल किया जाएगा
कोयला मजदूर सभा (HMS) के महामंत्री ज्योति कुमार अकेला ने बताया कि संगठन अपनी 52 सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन कर रहा है। अब तक क्षेत्र की सभी प्रमुख खदानों में धरना प्रदर्शन किया किया है। उन्होंने आगे बताया कि आगामी 19, 20 और 21 अगस्त को जिला मुख्यालय स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के सामने भूख हड़ताल की जाएगी। यदि इसके बावजूद भी मांगें पूरी नहीं की जाती, तो 22 अगस्त को चक्काजाम किया जाएगा।


