बलरामपुर में नशामुक्त भारत अभियान की पांचवीं वर्षगांठ पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने पुलिस ग्राउंड में फाइनल रिहर्सल के बाद उपस्थित लोगों को नशा न करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में SP बैंकर वैभव रमनलाल, अपर कलेक्टर आर.एस लाल, अभिषेक गुप्ता और आर.एन. पांडेय मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस बल, छात्र-छात्राएं और शिक्षक भी शामिल हुए। जिले में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कई गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। महाविद्यालय और विद्यालयों में चित्रकला, भाषण, गीत, नृत्य, नाटक और स्लोगन प्रतियोगिताएं होंगी। ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक नशापान के दुष्परिणामों के बारे में प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके लिए निवारक शिक्षा, सेमिनार और संगोष्ठियों का आयोजन होगा। जनसहभागिता से जागरूकता रैली भी निकाली जाएगी। सभी कार्यक्रमों में लोगों को नशा न करने का संकल्प दिलाया जाएगा। विश्व हाथी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम जिले में विश्व हाथी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार वाजपेयी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बच्चों को हाथियों के संरक्षण और जैव विविधता के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विशेष रूप से वर्तमान समय में बढ़ रहे हाथी-मनुष्य संघर्ष पर चर्चा की गई। छात्रों को वनवाटिका परिसर का भ्रमण कराया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और हाथी मित्र दल के सदस्यों ने विद्यार्थियों के साथ एंटी स्नेयर फॉरेस्ट वॉक में भी भाग लिया। कार्यक्रम में सात विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इनमें सरस्वती शिशु मंदिर, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, मां शारदा विद्या निकेतन, चाइल्ड एजुकेशन स्कूल, साईं बाबा पब्लिक स्कूल, शासकीय माध्यमिक शाला कोईरीटोला और सुभद्रा मेमोरियल स्कूल शामिल थे। माध्यमिक और हाईस्कूल स्तर पर अलग-अलग चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार दिए गए। हाथी मित्र दल के सदस्यों को जंगल भ्रमण के लिए चरण पादुका भी वितरित की गई। वन परिक्षेत्राधिकारी निखिल सक्सेना सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।


