भास्कर न्यूज | लुधियाना लोग सौगातें सभ्याचारक मंच की ओर से दाना मंडी स्थित सेलिब्रेशन प्लाजा में सातवां तीज महोत्सव रंग-बिरंगे अंदाज में मनाया गया। पंजाबी संस्कृति की खुशबू से सराबोर इस कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा में सजी युवतियों ने गिद्दा और भांगड़ा कर दर्शकों का दिल जीत लिया। नवविवाहित महिलाओं द्वारा गाई गई बोलियां और पारंपरिक वस्तुओं की प्रदर्शनी ने मेले को सांस्कृतिक गहराई दी। इस कार्यक्रम का नेतृत्व रीत कौर सिद्धू (मुख्य संरक्षक), मेयर इंद्रजीत कौर, प्रिया लोटे और स्वर्ण कौर सग्गू ने किया। महोत्सव में तीज के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं, जिनमें अमरप्रीत कौर दहेले ने ‘मिस तीज’ का खिताब जीता। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक कुलवंत सिद्धू ने कहा कि ऐसे मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने का सशक्त माध्यम हैं। पंजाबी गायिका व अभिनेत्री अमर नूरी ने कहा कि इस महोत्सव ने मुझे प्रो. मोहन सिंह स्मृति मेले की याद दिला दी। इस आयोजकों ने शानदार आयोजन कर एक मिसाल पेश की है। इस कार्यक्रम में विधायक मदन लाल बग्गा, दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल और आम आदमी पार्टी महिला विंग की जिला अध्यक्ष मनीषा कपूर ने विशेष रूप से शिरकत की। कार्यक्रम की सफलता में मोनू रूपल, लक्की, मनप्रीत बादल और रूबल का अहम योगदान रहा।


