पंजाब पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) पर पंजाब को दहलाने की बब्बर खालसा की साजिश को नाकाम कर दिया। फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने सूचना के आधार पर दो आतंकी गिरफ्तार किए हैं। यह आतंकी प्लान पाकिस्तान में छिपे बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के ऑपरेटिव हरविंदर रिंदा द्वारा रचा गया था, जिसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का समर्थन प्राप्त था। डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी दी कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी यूके, अमेरिका और यूरोप में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे। वे ग्रेनेड का इस्तेमाल कर सरकारी कार्यालयों और कार्यक्रमों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। दो हैंड ग्रेनेड बरामद गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड, एक बेरेटा 9 एमएम पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई करके एक बड़े आतंकी हमले को रोका गया, जिससे स्वतंत्रता दिवस समारोह और पंजाब की सुरक्षा पर गंभीर खतरा टल गया।


