जामताड़ा साइबर पुलिस ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के जसायडीह स्थित पलास जंगल से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। प्रद्युम कापड़ी और मिथुन कापड़ी नाम के इन अपराधियों के पास से 1 लाख 37 हजार 500 रुपए नगद बरामद किए गए हैं। मुख्यालय डीएसपी संजय कुमार सिंह ने जामताड़ा साइबर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। पुलिस ने दोनों अपराधियों से 6 मोबाइल फोन, 6 सिम कार्ड और 2 मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। मोबाइल फोन को हैक कर लेते थे डीएसपी के अनुसार, ये अपराधी फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करते थे। वे क्रेडिट या डेबिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर लोगों के मोबाइल फोन को हैक कर लेते थे। इसके बाद उनके खातों से पैसे निकाल लेते थे। दोनों अपराधी मुख्य रूप से बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लोगों को अपना निशाना बनाते थे। पूछताछ में उन्होंने अन्य साइबर अपराधियों के बारे में भी जानकारी दी है। पुलिस इस जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।


