धमतरी में तीन दोस्तों की हत्या के बाद प्रशासन सख्त:स्वतंत्रता दिवस से पहले कलेक्टर-एसपी ने निकाला फ्लैग मार्च, शहर में कड़ी सुरक्षा

छत्तीसगढ़ के धमतरी में 3 दोस्तों की हत्या के बाद प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। 11-12 अगस्त की रात को एक ढाबे के सामने तीन दोस्तों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिग सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्वतंत्रता दिवस से पहले कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च रक्षित केंद्र धमतरी से शुरू हुआ। मार्च शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्र, लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, रत्ना बांधा और मुजगहन से होते हुए आगे बढ़ा। फिर मकई चौक, सिहावा चौक, बस स्टैंड और अर्जुनी मोड से होकर नहरनाका चौक पहुंचा। यह मार्च विंध्यवासिनी मंदिर के सामने समाप्त हुआ। कांग्रेस ने किया था प्रदर्शन घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्वक मनाने की तैयारी की है। समारोह में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और आम लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना है। कलेक्टर-एसपी ने दी चेतावनी इस मार्च के दौरान कलेक्टर और एसपी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, शराबखोरी, असामाजिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर पैनी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को शांति, सौहार्द और गरिमा के साथ संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। जिला प्रशासन और पुलिस लगातार पेट्रोलिंग, चेकिंग और सर्च ऑपरेशन जारी रखेगी। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि, त्योहार के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। शहर में जगह-जगह सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, रैंडम चेकिंग और गश्ती दल की तैनाती की गई है। स्वंतत्रता दिवस पर सभी थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी कर संदिग्धों की चेकिंग की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *