रायपुर प्रेस क्लब की ओर से वर्ल्ड फोटोग्राफी डे पर अनूठी पहल की। वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट विनय शर्मा की स्मृति में तीन दिवसीय फोटो प्रतियोगिता और प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की विरासत, प्रकृति और विकास को कैमरे में कैद करने का मौका मिलेगा। जल्दी तारीख का ऐलान किया जाएगा। रायपुर प्रेस क्लब की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में तीन श्रेणियां रखी गई हैं। पहली श्रेणी ’25 सालों का छत्तीसगढ़’ में राज्य की विकास यात्रा को दर्शाना होगा। दूसरी श्रेणी ‘हेरिटेज’ में सांस्कृतिक विरासत को कैमरे में कैद करना होगा। तीसरी श्रेणी ‘नेचर’ में प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवन को प्रस्तुत करना होगा। इस प्रतियोगिता में प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य ही भाग ले सकेंगे। हर श्रेणी में एक फोटो जमा करने का प्रावधान है। 12×18 इंच साइज की मूल फोटो ही स्वीकार की जाएंगी। DSLR, मोबाइल या ड्रोन से ली गई तस्वीरें मान्य होंगी, लेकिन एडिटेड फोटो स्वीकार नहीं की जाएंगी। प्रतिभागियों को 22 अगस्त शाम 5 बजे तक अपनी फोटो जमा करनी होगी। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को मिलेगा प्रमाण पत्र। प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रभुल ठाकुर और महासचिव डॉ. वैभव शिव पांडेय ने सदस्यों से सक्रिय भागीदारी की अपील की है।


