महतारी वंदन योजना के आवेदन पर कांग्रेस-बीजेपी आमने-सामने:कांग्रेस ने सरकार पर लगाया धोखा करने का आरोप, बीजेपी नेता बोले-बस्तर की महिलाओं से इन्हें दिक्कत

छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना के आवेदन बस्तर संभाग में ऑफलाइन लेने के निर्देश पिछले दिनों जारी किया है। जिस पर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि, सरकार की योजना में शामिल होने के लिए इंतजार कर रही रायपुर, दुर्ग, सरगुजा और बिलासपुर संभाग की महिलाओं के साथ यह धोखा है। भाजपा सरकार के नियम पर कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया है। कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर बीजेपी के प्रवक्ता दीपक उज्जवल ने पलटवार कर कहा कि, बस्तर की महिलाओं की खुशी कांग्रेस से देखी नहीं जा रही है। बस्तर की महिलाओं से कांग्रेस को दिक्कत है। अब पढ़िए कब जारी हुआ था आदेश दरअसल, 11 अगस्त को महिला एवं बाल विकास विभाग संचालक ने दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा और कांकेर के कलेक्टर और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के लिए निर्देश जारी किया है। इस निर्देश में बस्तर संभाग के नियद नेल्लानार क्षेत्र में महतारी वंदन योजना के छूटे हितग्राहियों का आवेदन फॉर्म ऑफलाइन लिया जाए। ऑफलाइन आवेदन फॉर्म लेने की प्रक्रिया 15 अगस्त से शुरू होगी और 31 अगस्त तक चलेगी। भाजपा महिलाओं के साथ छल कर रही- धनंजय ठाकुर दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा और कांकेर में ऑफलाइन फॉर्म लिए जाने पर कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कहा कि, 15 अगस्त से सिर्फ बस्तर संभाग में प्रक्रिया शुरू क्यों ? रायपुर, दुर्ग, सरगुजा और बिलासपुर संभाग की महिलाएं भी आवेदन के इंतजार में है। यह बाकी संभाग की महिलाओं के साथ भेदभाव है। ये बीजेपी सरकार का दोहरा चरित्र है। कांग्रेस पार्टी को बस्तर की आदिवासी बहनों से दिक्कत- उज्जवल दीपक कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर के आरोपों पर बीजेपी प्रवक्ता उज्जवल दीपक ने पलटवार किया है। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी को हर उस चीज से दिक्कत है, जिससे हमारी बस्तर की बहनों को फायदा होता है। कांग्रेस पार्टी का काम रह गया है, भ्रम-भय और भ्रष्टाचार। महतारी वंदन योजना का फॉर्म भरने में जो महिलाएं छूट गई थी, उन्हें सीएम साय की सुशासन सरकार में अवसर दिया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी को अपनी गिरेबां में झांककर देखनी चाहिए कि जब उनकी सरकार थी, तो आदिवासी बहनों के लिए वो क्या करते थे? जब हमारी बहनों को योजना के तहत पैसा मिलने जा रहा है, तो कांग्रेस पार्टी को तकलीफ क्यों होती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *