रांची में ग्रामीण क्षेत्रों की जमीन-फ्लैट की रजिस्ट्री पिछले चार दिनों से ठप है। निबंधन कार्यालय (ग्रामीण) में गुरुवार को भी 65 स्लॉट बुक किए हुए थे। लेकिन, निबंधन नहीं हुआ। कई लोगों ने रांची मुख्य निबंधन कार्यालय जाकर जमीन की रजिस्ट्री कराई। तीन दिन पहले निबंधन कार्यालय (ग्रामीण) के अवर निबंधक ने स्वयं पद त्याग दिया था। पद त्यागने से पहले उन्होंने न तो किसी को प्रभार दिया और न ही प्रभार देने का प्रस्ताव भेजा। इसका नतीजा हुआ कि ग्रामीण निबंधन कार्यालय में काम-काज पूरी तरह ठप हो गया है। यहां रोजाना 60 से 70 डीड की रजिस्ट्री के लिए स्लॉट बुकिंग हो रही थी। क्रेता-विक्रेता भी आ रहे हैं, लेकिन उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी बाहर से रजिस्ट्री कराने के लिए आने वालों को हो रही है। 7 हजार अधिक देकर रजिस्ट्री करा रहे लोग दो दिन पहले एक गर्भवती महिला रजिस्ट्री कराने पटना से आई थी, लेकिन निबंधन कार्यालय (ग्रामीण) में रजिस्ट्री नहीं हुई। शाम में उन्हें वापस लौटना पड़ा। इसी तरह कई बुजुर्ग पूरे दिन बैठने के बाद लौट गए। इधर, कुछ लोगों ने रांची मुख्य निबंधन कार्यालय में रजिस्ट्री के लिए आवेदन दिया। उन्हें करीब सात हजार रुपए अधिक चुकाने पड़े।


