गांधी मैदान में होगा मुख्य समारोह; सज-धज कर तैयार, सुरक्षा पुख्ता

भास्कर न्यूज | जामताड़ा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा जामताड़ा देशभक्ति के रंग में रंगने को तैयार है। गांधी मैदान सज-धजकर मुख्य समारोह के लिए तैयार है, जहां शान से तिरंगा फहराया जाएगा और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों, सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और प्रमुख स्थलों पर ध्वजारोहण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य कार्यक्रम गांधी मैदान में आयोजित है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी सुबह 9:00 ध्वजारोहण करेंगे। सुबह से ही देशभक्ति का माहौल होगा। पुलिस, एनसीसी कैडेट्स और स्कूली बच्चों की परेड के साथ ही देशभक्ति गीत, नृत्य और लोक कलाओं की झलक देखने को मिलेगी। शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम भी तय किया गया है। कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 7:40 बजे आवासीय कार्यालय में ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद वीर कुंवर सिंह प्रतिमा, नेताजी सुभाषचंद्र बोस प्रतिमा, महात्मा गांधी प्रतिमा, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर प्रतिमा, बिरसा मुंडा प्रतिमा और सिद्धो-कान्हू प्रतिमा पर क्रमशः माल्यार्पण करेंगे। सुबह 8:40 बजे उपायुक्त गांधी मैदान पहुंचेंगे, जहां शहीद स्मारक पर माल्यार्पण के साथ मुख्य समारोह की शुरुआत होगी। यहां मंत्री का स्वागत होगा और वे स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे 9:45 बजे गांधी मैदान से समाहरणालय के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां 10:10 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय, उपायुक्त न्यायालय, अनुमंडल कार्यालय, एसडीपीओ कार्यालय, होम गार्ड कार्यालय, वन प्रमंडल कार्यालय और पुलिस लाइन में निर्धारित समयानुसार ध्वजारोहण करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद भी होंगे, उल्लास जिले के विभिन्न स्थानों पर भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत-नृत्य और खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। स्कूली बच्चे विशेष वेशभूषा में आजादी के मतवालों के रूप में प्रस्तुतियां देंगे। प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। गांधी मैदान और अन्य कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना लागू की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *