भास्कर न्यूज|कोडरमा समाहरणालय सभागार में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में लाइवलीहुड टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें जिला उद्योग केंद्र, जेएसएलपीएस, एफपीओ, आरसेटी, नियोजन विभाग और बैंकों से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत जिला उद्योग केंद्र की योजनाओं की समीक्षा से हुई। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना और पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने इन योजनाओं में तेजी लाने और बैंकों से समन्वय कर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिल्पकारों की सूची जल्द तैयार कर समिति बनाने को कहा गया। ताकि उन्हें योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। एफपीओ और जेएसएलपीएस के कार्यों की समीक्षा में लाभ बढ़ाने और वार्षिक लक्ष्य पूरे करने के लिए ठोस रणनीति बनाने को कहा गया। उपायुक्त ने जेएसएलपीएस, आरसेटी, उद्योग विभाग, नियोजन विभाग और कौशल विकास से जुड़ी एजेंसियों को मिलकर काम करने के निर्देश दिए। विभिन्न वर्गों के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने और लक्ष्य हासिल करने को कहा गया। जेल में बंद बंदियों को भी प्रशिक्षण देने की योजना बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में उप विकास आयुक्त रवि जैन, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, जिला कृषि पदाधिकारी, डीपीएम-जेएसएलपीएस और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


