भास्कर न्यूज|झुमरी तिलैया क्लोरोफिल प्ले स्कूल में जन्माष्टमी पर बच्चों ने राधा-कृष्ण बनकर रंग जमा दिया। विद्यालय परिसर में मटकी फोड़, नंद-यशोदा, यशोदा मैया संग कान्हा, राधाकृष्ण, वृंदावन की रासलीला और माखनचोर देवकीनंदन की झांकियां सजाई गईं। पालने में झूलते नन्हे कन्हैया की झांकी बच्चों को खूब पसंद आई। प्राचार्य कंचन अग्रवाल ने बताया कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है। संकोची बच्चे भी खुलकर भाग लेते हैं। सभी बच्चों को मंच पर आने का मौका दिया गया। राधा और कृष्ण के रूप में अद्विती-शिवांश, काशवी-रुद्र, माही-विवान, वैष्णवी- श्रेयांश, इशिका-आरव, केसरवानी- रुद्रांश, साध्या- अर्चित, आयुषी- आदर्श, अंशिका-अनंत सहित कई बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सीमा जैन, अनुप्रिया कुमारी, कोमल राणा, कुमारी पूनम, आंचल, सुलगना राय और अलका वर्मा का योगदान रहा।


