कोडरमा | बीआर इंटरनेशनल स्कूल में जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। नर्सरी से केजी-2 तक के बच्चों ने भाग लिया। पूरा स्कूल परिसर कृष्ण-भक्ति में डूबा रहा। कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक ओमप्रकाश राय और प्रशासक सुनील कुमार ने भगवान श्रीकृष्ण की आरती से की। बालिकाएं राधा के रूप में सजी थीं। बालक श्रीकृष्ण के वेश में मंच पर उतरे। उनकी मासूम अदाएं और मुस्कान ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। संगीत कार्यक्रम में बच्चों ने भक्ति गीतों पर प्रस्तुति दी। पूरा माहौल ‘राधे-कृष्ण’ के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद समूह नृत्य में बच्चों ने लय, ताल और भाव से सभी का मन मोह लिया। माता-पिता और शिक्षक बच्चों की प्रतिभा देखकर गर्व से झूम उठे। कार्यक्रम की तैयारी शिक्षिकाएं नीतू, अनिता और जया लक्ष्मी ने की। नृत्य की तैयारी डांस शिक्षिका रिया बोस ने कराई। निदेशक ओमप्रकाश राय ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं। अंत में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की झांकी प्रस्तुत की गई। माखन चोरी और रासलीला के दृश्य आकर्षण का केंद्र रहे। बाल कृष्ण ने मटका फोड़कर कृष्ण लीलाओं का मंचन किया। मौके पर उप-प्रधानाचार्य नवल किशोर आनंद, प्रशासक सुनील कुमार, शिक्षक नागेन्द्र कुमार सिंह के अलावा शिक्षक – शिक्षिकाएं मौजूद थे।


