जिले में 79वें स्वतंत्रता दिवस के आयोजन की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। मुख्य कार्यक्रम बागीटांड़ स्टेडियम में होगा। जहां उपायुक्त ऋतुराज राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। साथ ही जिलेवासियों को संबोधित भी करेंगे। मौके पर जिला बल के अलावा विभिन्न स्कूलों के छात्रों की ओर से संयुक्त परेड प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद समाहरणालय व अन्य विभागों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। मौके पर प्रशासन की ओर से देश की रक्षा में शहीद सैनिकों के परिजनों के अलावा स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित भी किया जाएगा। झंडोत्तोलन की समाप्ति के पश्चात कोडरमा बाजार स्थित महात्मा गांधी के प्रतिमा स्थल पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित की जाएगी। जहां उपायुक्त व एसपी अनुदीप सिंह के अलावा जिले के विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक कार्यकर्ताओं के अलावा आम जनता राष्ट्रपिता को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। शहर की साफ-सफाई का जिम्मा नगर पर्षद व नगर पंचायत को दी गई है। विधि-व्यवस्था के संधारण की जिम्मेवारी पुलिस प्रशासन को सौंपी गई है। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले के अन्य सरकारी विभागो, गैर सरकारी संस्थाओं व निजी विद्यालयों में भी झंडोत्तोलन के अलावा कई कार्यक्रमों की तैयारी की गई है। 15 अगस्त 2025 को होने वाले झंडोत्तोलन का कार्यक्रम : प्रातः 8 बजे उपायुक्त आवास परिसर में उपायुक्त द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा। तत्पश्चात बागीटांड़ स्टेडियम में होने वाले मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त ऋतुराज द्वारा 9 बजकर 5 मिनट पर ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद समाहरणालय भवन में 10 पूर्वाह्न, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 10.15 बजे पूर्वाह्न, उप विकास आयुक्त कार्यालय में 10.20 बजे पूर्वाह्न, जिला परिषद कार्यालय कोडरमा में 10.30 बजे पूर्वाह्न, अनुमंडल कार्यालय में 10.35 बजे पूर्वाह्न, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में 10.40 बजे पूर्वाह्न, नगर पंचायत कार्यालय में 10.45 बजे पूर्वाह्न, वन प्रमंडल कार्यालय में 10.55 बजे पूर्वाह्न और पुलिस लाईन कोडरमा में 11.20 बजे पूर्वाह्न को ध्वजारोहण किया जाएगा।


