भास्कर न्यूज | अमृतसर चीफ खालसा दीवान ने भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते पूर्व सचिव सुखजिंदर सिंह प्रिंस की प्राथमिक सदस्यता खारिज कर दी है। सीकेडी के ऑनरेरी सचिव रमणीक सिंह फ्रीडम द्वारा जारी फरमान में उन्होंने स्पष्ट किया है कि उक्त प्रकरण की जांच के लिए 5 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था। प्रिंस को 11 अगस्त को कमेटी के समक्ष पेश होने की हिदायत दी गई थी, लेकिन वह स्पष्टीकरण देने के लिए कमेटी के समक्ष पेश नहीं हुए। 11 अगस्त को उन्हें फिर से 12 अगस्त को पेश होने की हिदायत दी थी मगर वह पेश नहीं हुए थे। नतीजतन 13 अगस्त को प्रधान डा. इंद्रबीर सिंह निज्जर के आदेशों के तहत उन्हें सीकेडी की प्राथमिक सदस्यता खारिज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रिंस के नकारात्मक रवैये के बाद जांच कमेटी की हासिल हुई रिपोर्ट के बाद उनकी सदस्यता खारिज करने का फैसला लिया गया है। इससे पहले 22 जुलाई को प्रिंस को सस्पेंड कर किया था, रमणीक सिंह की ओर से जारी पत्र में प्रिंस पर भ्रष्टाचार के चलते सीकेडी को वित्तीय नुकसान पहुंचाने एवं सीकेडी की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया गया था।


