अमृतसर| पंजाब सरकार की ओर से नशे के खिलाफ छेड़े गए युद्ध में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में वीरवार को जनरल ड्यूटी डॉक्टरों को नशे के मरीजों के उपचार के लिए विशेषज्ञों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया गया। अमृतसर में पहले बैच के डॉक्टरों को स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने सर्टिफिकेट देकर इस मुहिम में शामिल होने की जिम्मेदारी सौंपी। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग जरूरी है। जिसमें डॉक्टरों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि पहले एम्स के माध्यम से डॉक्टरों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया और अब वही ट्रेनर अन्य डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार प्रयासों से पंजाब में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ी है, लोग पुलिस और प्रशासन को सूचित करने लगे हैं और इलाज के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने अपील की कि हर व्यक्ति अपने आस-पड़ोस या गांव-शहर में कम से कम एक व्यक्ति को नशा छोड़ने में मदद करे। नशा करने वालों के प्रति सहानुभूति जताते हुए उन्होंने कहा कि नशा बेचने वाले अपराधी हैं और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


