13 पशुओं को बेरहमी से पीटते झारखंड ले जा रहे थे तस्कर, घेराबंदी कर छुड़ाया

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर मनोरा क्षेत्र से 13 गौ वंशजों को पुलिस ने तस्करों से छुड़ाया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार 13 अगस्त की रात चौकी मनोरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति ग्राम टेंपू, डांडटोली नदी के रास्ते 13 गौवंशों को बेरहमी से पीटते हुए पैदल झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बनाकर ग्राम चढ़िया, लावा नदी के पास निर्माणाधीन पुल के पास पहुंची। वहां दो व्यक्ति गौवंशों को तेजी से हांकते दिखे। पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। मौके से सभी 13 गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। फरार तस्करों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने चौकी मनोरा थाना में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश कुमार पुरैना, सहायक उप निरीक्षक बाल कृष्णा भगत, प्रधान आरक्षक वितीन राम, प्रीतम टोप्पो, आरक्षक रोशन पैंकरा, भीख राम राम, रविन्द्र सिंह और जगजीवन राम की अहम भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *