भास्कर न्यूज| महासमुंद श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने प्रदेश के समस्त मदिरा दुकानों को बंद रखने की मांग संबंधी पत्र राज्यपाल रमेन डेका के नाम कलेक्टर को प्रेषित किया गया। प्रेषित पत्र में उन्होंने मांग की है कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर पूरे राज्य में धार्मिक व भक्तिपूर्ण वातावरण रहता है। इस दिन राज्य भर के मंदिरों में विभिन्न धार्मिक आयोजन तथा घरों में पूजा पाठ का विशेष माहौल रहता है। ऐसे में प्रदेश के मदिरा दुकानों को बंद करना सख्त आवश्यक है। मदिरा दुकानों के खुलने से धार्मिक वातावरण अशांत रहता है। साथ ही लोगों के आस्था व धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है। धार्मिक परंपराओं व जनभावनाओं का सम्मान करते हुए श्री कृष्ण जन्माष्टमी के दिन प्रदेश के समस्त देशी, विदेशी मदिरा दुकान, बार व मदिरा उपलब्ध होने वाले स्थानों को पूर्ण रूप से बंद रखा जाए।


